ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर घाटी के पास बस खाई में गिरी, 9 लोगों की मौत, 25 घायल, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

देहरादून/टिहरी। उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर घाटी के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:30 से 5:15 बजे के बीच गूलर बाजार के समीप हुआ। बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी। बस में लगभग 34 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि गूलर के समीप पुल पार करते समय बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम स्थान और बस के गहरी खाई में गिरने के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ और पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश और आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सात यात्रियों की मौत घटनास्थल पर हुई, जबकि दो घायलों ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल बताए गए हैं। अन्य मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के निवासियों के रूप में हुई है।

टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर तीखा मोड़ है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर घाटी के समीप हुए बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतकों की सूची

  1. विक्की (37), चंदौसी, संभल, उत्तर प्रदेश।

  2. राज रॉय (56), जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल।

  3. राजेंद्र सिंह (48), बस चालक, रुद्रप्रयाग।

  4. अनुज भंडारी (27), परिचालक, टिहरी।

  5. पुन्नू (55), मैखंडी, कीर्तिनगर।

  6. सुशील प्रताप सिलोडी (55), गोपेश्वर, चमोली।

  7. दीपक गुप्ता (55), मध्य प्रदेश।

  8. विकास गुप्ता, मध्य प्रदेश।

  9. रोहित कश्यप (35), चंदौसी, संभल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.