सहसपुर में ‘एक रविवार एक गांव, एक घंटा समाज के नाम’ अभियान का शुभारंभ

देहरादून। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ उत्तराखंड की ओर से सामाजिक सेवा को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘एक रविवार एक गांव, एक घंटा समाज के नाम’ अभियान का शुभारंभ रविवार को सहसपुर गांव में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अभियान संयोजक मधु जैन प्रदेश संयोजक एनजीओ प्रकोष्ठ सुशील बहुगुणा, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर  ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक रविवार को एक गांव अथवा बस्ती में पहुंचकर कम से कम एक घंटा समाज के लिए समर्पित करना है। सेवा केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए प्रयास करने तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि सामाजिक सेवा को निरंतरता देने वाला यह अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम बनेगा। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए पहल करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अभियान संयोजक मधु जैन ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में प्रत्येक रविवार को इस अभियान के तहत सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन प्रदेश के सभी जिलों में भी किया गया, जिससे अभियान की शुरुआत एक साथ पूरे उत्तराखंड में हुई। इस अवसर पर जिला संयोजक एनजीओ प्रकोष्ठ गीता मौर्य तथा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नीरज कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त किए और अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय एनजीओ प्रकोष्ठ मंडल संयोजक किरण राणा, खेमराज तथा मंडल महिला मोर्चा सहसपुर की बीना थपलियाल को सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। उर्मिला देवी के रोजगार से संबंधित विषय तथा संदीप की किडनी संबंधी समस्या और चार वर्षीय बच्चे की स्वास्थ्य समस्या को लेकर आवश्यक सहयोग एवं समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की गई। आयोजकों ने कहा कि ‘एक घंटा समाज के नाम’ का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रयास करना है। कार्यक्रम में एनजीओ प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा एवं ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.