STF और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 315 बोर के दो तमंचे बरामद; दो गिरफ्तार, इस्तेमाल में लाई जा रही अल्टो कार सीज

रुड़की। उत्तराखंड विशेष कार्यबल (STF) और हरिद्वार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में कथित रूप से संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के इस्तेमाल में लाई जा रही अल्टो कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, STF की देहरादून टीम अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में लगातार सूचनाएं जुटा रही थी। इसी क्रम में मिले इनपुट के आधार पर टीम ने रुड़की के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान अल्टो कार में सवार दो युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद हुए।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लालच में तमंचे बेचने के उद्देश्य से आने की बात बताई। उनके मुताबिक, हथियार खरीदने वाला व्यक्ति मौके पर मिलने वाला था। हालांकि, आरोपियों ने उस व्यक्ति की पहचान के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदार के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (21) पुत्र अमित कुमार, निवासी कृष्णा नगर, गली नंबर नौ, गंगनहर, हरिद्वार और हर्ष (22) पुत्र जगपाल सिंह, निवासी आजाद नगर, पनियाला रोड, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में की है। दोनों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

STF अधिकारियों के अनुसार, संगठित गिरोहों, इनामी अपराधियों और अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इस कार्रवाई में STF की टीम से निरीक्षक एनके भट्ट, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, प्रमोद पंवार, महेंद्र नेगी, गौरव चौधरी और कांस्टेबल कादर शामिल रहे।

बरामदगी: दो अवैध तमंचे (315 बोर) और एक अल्टो कार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.