राज्यपाल ने लोक भवन के अधिकारियों के साथ की बैठक

देहरादून:  राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को लोक भवन के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोक भवन सचिवालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन प्रदेश का एक प्रमुख संवैधानिक संस्थान है, इसकी गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखते हुए अपनी कार्यप्रणाली को जनभावनाओं के अनुरूप, अधिक जनसुलभ, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन जनता की अपेक्षाओं और भावनाओं से जुड़ा संस्थान है। यहां आने वाले लोगों को सहज पहुंच, सम्मानजनक व्यवहार और अपनी बात रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं एवं प्रकरणों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए।

राज्यपाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग और समर्पण से कार्य करने के कहा। उन्होंने कहा कि लोक भवन की गरिमा उसकी कार्यप्रणाली, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और लोगों के विश्वास से और अधिक सुदृढ़ होती है। बैठक के उपरांत राज्यपाल ने लोक भवन सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लोक भवन पुस्तकालय का भी भ्रमण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

इस अवसर पर सचिव श्री राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, अपर सचिव वित्त डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, डॉ. ए.के. सिंह, उप सचिव श्री लक्ष्मण राम आर्या, अनुसचिव श्री अनूप सिंह नेगी सहित लोक भवन स्थित लो.नि.वि., सूचना, उद्यान, सुरक्षा, चिकित्सा विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.