सृष्टि कंडारी मौत मामले में सीबी-सीआईडी जांच के सीएम ने दिए आदेश

देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब सीबी-सीआई्रडी के पास पहुंच गया है। मामले की गंभीरता और लगातार उठ रही निष्पक्ष जांच की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रकरण की जांच अपराध अनुसंधान विभाग को सौंपने के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद अब पूरे मामले की नए सिरे से गहन जांच होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, सृष्टि कंडारी की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुरुआत से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। उनका कहना था कि मामले से जुड़े कई ऐसे पहलू हैं, जिनकी गहराई से जांच किए जाने की जरूरत है। इसी क्रम में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण को सीबी-सीआईडी को सौंपने की मांग की।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान विनोद कंडारी ने कहा सृष्टि कंडारी की मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कराई जाए, ताकि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
वहीं मुख्यमंत्री ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल गृह सचिव को जांच सीबी-सीआईडी को सौंपने के निर्देश दिए। सरकार का मानना है कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में स्वतंत्र और व्यापक जांच से ही सभी तथ्यों को सामने लाया जा सकता है। लोगों का भरोसा भी कायम रहता है। आदेश जारी होने के बाद अब सीबी-सीआईडी पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज, पुलिस विवेचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की दोबारा समीक्षा करेगी।
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सीबी-सीआईडी निष्पक्ष तरीके से जांच करेगी। उन्होंने कहा जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा न्याय की प्रक्रिया में समाज के सभी लोगों का सहयोग और विश्वास जरूरी है। दरअसल, सृष्टि कंडारी की मौत के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। कई लोगों का कहना था कि घटना की हर परिस्थिति की बारीकी से जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की आशंका या भ्रम की स्थिति खत्म हो सके। इसी वजह से मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग लगातार तेज होती गई।
अब सीबी-सीआइडी जांच का आदेश होने के बाद माना जा रहा है कि जांच एजेंसी घटनास्थल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों की नए सिरे से पड़ताल करेगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों से दोबारा पूछताछ भी की जा सकती है। जांच एजेंसी यह भी देखेगी कि शुरुआती विवेचना में कहीं कोई तथ्य छूटा तो नहीं या किसी कोण पर पर्याप्त जांच नहीं हुई।फिलहाल, सृष्टि कंडारी मामले में सीबी-सीआईडी जांच के आदेश के बाद अब सभी की निगाहें जांच एजेंसी पर टिकी है। परिजनों और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जांच के जरिए मौत से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा होगा। यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.