29 नवंबर को सागरताल में सजेगा 52वां खलंगा मेला, गोरखाली संस्कृति की दिखेगी झलक

-28 नवंबर को निकलेगी साइकिल रैली, वीर बलभद्र थापा और उनके सैनिकों के शौर्य को किया जाएगा याद

देहरादून। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बलभद्र खलंगा विकास समिति द्वारा ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस बार के भव्य मेले में मुख्य रूप से प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण की उपस्थिति रहेगी।
आज यहां उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित की गई पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐतिहासिक खलंगा युद्ध के वीर सेनानायक कुंवर बलभद्र थापा और उनके वीर सैनिकों के अदम्य साहस एवं शौर्य को नमन करने के लिए 29 नवंबर को सागरताल, नालापानी में 52वें खलंगा मेले का आयोजन किया जाएगा। बलभद्र खलंगा विकास समिति की ओर से आयोजित होने वाले दो दिवसीय मेले में गोरखाली, गढ़वाली और कुमाऊंनी संस्कृति की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी।
पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष कर्नल थापा ने बताया कि समिति पिछले 51 वर्षों से इस मेले का आयोजन कर रही है। वर्ष 1814-16 में हुए खलंगा युद्ध में सेनानायक कुंवर बलभद्र थापा और उनके वीर सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने शक्तिशाली ब्रिटिश सेना के कई हमलों को विफल किया था। उनके इसी अदम्य साहस और बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष मेले का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर समिति के सचिव संजय थापा ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 28 नवंबर को सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर सहस्रधारा रोड स्थित खलंगा युद्ध स्मारक पर वीर सेनानायक को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद सुबह सात बजे स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के लिए साइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली खलंगा युद्ध स्मारक से शुरू होकर सागरताल स्थित खलंगा युद्ध कीर्ति स्तंभ पर संपन्न होगी। इसी दिन सुबह साढ़े दस बजे नालापानी स्थित चंद्रायणी माता मंदिर में पूजन, हवन, कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे सागरताल में मुख्य मेले का शुभारंभ होगा। इस दौरान खलंगा युद्ध के इतिहास और वीर सेनानायक के शौर्य का वर्णन किया जाएगा। गोरखाली, गढ़वाली और कुमाऊंनी लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा गोरखाली व्यंजनों, पारंपरिक परिधानों और आभूषणों के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रसिद्ध खुकरी नृत्य, नौमती बाजा और लकी ड्रॉ भी मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे।
पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने यह भी बताया कि समिति की ओर से पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आचार्य बालकृष्ण, कैबिनेट मंत्रियों, क्षेत्रीय विधायक, पार्षदों, बुद्धिजीवियों और इतिहासकारों को इस मौके पर आमंत्रित किया गया है।
पत्रकार वार्ता में समिति के उपाध्यक्ष विनय गुरुंग, सहसचिव केबी कार्की, कोषाध्यक्ष महेश भूषाल, डीके बोहरा, एनएस गुरुंग, जितेंद्र खत्री, कर्नल दीवान सिंह खड़का, अशोक वल्लभ शर्मा, रणबीर थापा छेत्री, माया राणा, मानदेव छेत्री तथा मणिलाल गिरि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.