तुंगनाथ महादेव मंदिर में संघ स्वयंसेवकों ने विश्व शांति की कामना की

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्व प्रसिद्ध श्री तुंगनाथ महादेव मंदिर में संघ के स्वयंसेवकों ने सामूहिक प्रार्थना कर जनकल्याण एवं विश्व शांति की कामना की। श्री तुंगनाथ महादेव मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में नमन कर देवभूमि उत्तराखंड की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की। प्रार्थना के पश्चात स्वयंसेवकों ने मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को हिमालय की प्राकृतिक धरोहर एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि धार्मिक यात्राओं के दौरान प्लास्टिक एवं अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा देवभूमि की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।
स्वयंसेवकों ने कहा कि हिमालय हमारी धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर भी है। इसकी स्वच्छता, हरियाली और प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए।इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भी स्वयंसेवकों की इस पहल की सराहना की और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रचारक अंकुश, विद्यार्थी प्रमुख राहुल, उदय, क्रांति, बलविंदर, रितेश सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.