भगवान महावीर के निर्वाण लाडू महोत्सव पर दीपों से जगमगाया जैन भवन

-श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मना महावीर निर्वाण महोत्सव, सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ
-अहिंसा और आत्मकल्याण का मार्ग अपनाना ही महावीर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलिः पूर्णमति माताजी

देहरादून। संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज एवं नवाचार्य समयसागर महाराज की परम प्रभावक शिष्या आर्यिकारत्न 105 पूर्णमति माताजी ससंघ के पावन सान्निध्य में गांधी रोड स्थित जैन भवन में भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण लाडू महोत्सव एवं दीपोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दीपों की रोशनी और भगवान महावीर के जयकारों से पूरा जैन भवन भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
इसी पावन अवसर पर श्री मज्जिनेंद्र 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रवचन के उपरांत जैन समाज के अध्यक्ष विनोद जैन ने ध्वजारोहण कर विधान की मंगल शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6रू15 बजे मंगल घटयात्रा के साथ हुआ। इसके बाद सुबह 7 बजे नित्य अभिषेक, शांतिधारा, निर्वाण कल्याणक पूजन एवं निर्वाण लाडू अर्पण की धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। विधान के अंतर्गत पंडाल शुद्धि, सकलीकरण, इंद्र प्रतिष्ठा, मंडप प्रतिष्ठा एवं पात्र चयन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए। इस दौरान चातुर्मास निष्ठापन एवं कलश वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। सकल दिगंबर जैन समाज विद्या समय पूर्ण वर्षायोग समिति के तत्वावधान में आयोजित विधान के सौभाग्यशाली पुण्यार्जक परिवार जनेश्वर जैन एवं अंकित जैन रहे। प्रथम शांतिधारा का सौभाग्य नीतिश जैन एवं जय चंद जैन ज्वेलर्स को प्राप्त हुआ। मुख्य निर्वाण लाडू समर्पण संदीप जैन एवं अतिशय जैन (जैना होम डेकोर) ने किया, जबकि द्वितीय निर्वाण लाडू समर्पित करने का सौभाग्य राजीव जैन (फोम हाउस) परिवार को प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक की आराधना की।
इस अवसर पर आर्यिकारत्न 105 पूर्णमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र, त्याग, तप, साधना और मोक्ष कल्याणक के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, करुणा एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। माताजी ने भगवान महावीर की महिमा और उनके दिव्य संदेश को अपनी रचनाओं, विशेषकर ‘महावीर जिन पूजा’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया है। भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण कार्तिक कृष्ण अमावस्या के दिन बिहार के पावापुरी में हुआ था। इसी पावन स्मृति में जैन समाज दीपोत्सव मनाता है और निर्वाण लाडू अर्पित कर भगवान के मोक्ष कल्याणक की आराधना करता है। जैन समाज की मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि परम पूज्य पूर्णमति माताजी का चातुर्मास संपन्न हो गया है। माताजी के पावन सान्निध्य में 9 से 14 नवंबर तक श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा। इसमें देहरादून के स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों, महिला मंडल, युवा मंडल एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। संपूर्ण आयोजन भगवान महावीर के जयकारों, दीपों की आभा और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.