ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में 6.59 किमी लंबी मुख्य सुरंग हुआ ब्रेकथ

देहरादून। उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। रुद्रप्रयाग जिले में परियोजना के तहत बनाई जा रही 6.59 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग को आर-पार करने में निर्माण एजेंसी को सफलता मिली है। सुरंग के दोनों छोर आपस में जुड़ गए। इसके साथ ही सुमेरपुर और मरोड़ा के बीच रेल परियोजना के निर्माण की दिशा में एक अहम पड़ाव पूरा हो गया है। ये सुरंग कुल 6.59 किलोमीटर लंबी है। जिसमें सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर और मरोड़ा की तरफ से 1.79 किलोमीटर हिस्से का निर्माण किया गया है। सुरंग की खुदाई पूरी होने के बाद अब इसके दोनों छोर एक दूसरे से जुड़ गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में रेल नेटवर्क विकसित करने के लिहाज से इसे परियोजना की महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है।
एजेंसियों की माने तो इस सुरंग का निर्माण सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुआ। निर्माण के दौरान इंजीनियरों और श्रमिकों को कई गंभीर भूगर्भीय चुनौतियों से जूझना पड़ा। रिहायशी बस्तियों के नीचे कमजोर और भुरभुरी मिट्ट सुरंग के ऊपर चट्टानों एवं मिट्टी की कम मोटाई और लगातार पानी का रिसाव निर्माण कार्य को बेहद संवेदनशील बना रहा। ऐसे हालात में सुरंग की खुदाई करना तकनीकी रूप से काफी जोखिमपूर्ण था। इन चुनौतियों को देखते हुए निर्माण टीम ने न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड के साथ नियंत्रित ब्लास्टिंग तकनीक का इस्तेमाल किया। इस तकनीक के जरिए जमीन की स्थिति और आसपास के क्षेत्रों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से खुदाई की गई। इंजीनियरिंग विशेषज्ञों की निगरानी तकनीकी निर्माण टीम के बेहतर तालमेल से आखिरकार सुरंग के दोनों छोरों को जोड़ने में सफलता मिली।
रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से परियोजना के पैकेज-08 के अंतर्गत इस सुरंग का निर्माण कार्य मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को सौंपा गया था। निर्धारित तकनीकी मानकों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच कंपनी ने निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया। सुरंग के सफलतापूर्वक आर-पार होने के बाद आरवीएनएल और निर्माण कंपनी के अधिकारियों कर्मचारियों तथा श्रमिकों में उत्साह देखने को मिला। आरवीएनएल के उप महाप्रबंधक ओपी मालगुड़ी ने इस उपलब्धि पर निर्माण कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों और श्रमिकों को बधाई दी।उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए मेघा इंजीनियरिंग की टीम के प्रयासों की सराहना की।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। करीब 37,119 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना की कुल लंबाई 125 किलोमीटर है। इसका बड़ा हिस्सा पहाड़ों के भीतर सुरंगों से होकर गुजरेगा। परियोजना में लगभग 104 किलोमीटर रेल मार्ग सुरंगों के अंदर बनाया जा रहा है। इस रेलखंड पर कुल 12 नए रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा परियोजना में 19 पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्य और निकास सुरंगों को मिलाकर इनकी कुल लंबाई करीब 213 किलोमीटर बताई गई है। परियोजना की सबसे लंबी सुरंग 14.58 किलोमीटर की होगी।
इस रेल परियोजना के पूरा होने से देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन के विकल्प बढ़ने के साथ पर्यटन स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल सकती है। खासकर चारधाम यात्रा के लिहाज से भी इस रेल नेटवर्क को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना में यात्री ट्रेनों की अधिकतम परिचालन गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा और मालगाड़ियों की अधिकतम गति 65 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। अक्टूबर 2026 से परियोजना के विद्युत और सिग्नलिंग से जुड़े कार्य शुरू होने की जानकारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.