रविवार को देशभर में होगा ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां आयोजन

-फिट इंडिया अभियान का शतक, 100 स्थानों पर एक साथ दौड़ेंगी साइकिलें
-हरिद्वार के भगत सिंह चैक से भी निकलेगी साइकिल रैली
-ओलंपिक सपनों को मिलेगी नई रफ्तार, 29 नवंबर को देशव्यापी साइकिल उत्सव

देहरादून। फिट इंडिया अभियान के तहत रविवार, 29 नवंबर को देशभर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण और भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में देश के 100 प्रतिष्ठित स्थानों पर एक साथ साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ से करेंगे। देशभर के 100 प्रमुख स्थानों पर खेल हस्तियां, चर्चित व्यक्तित्व और हजारों फिटनेस प्रेमी इस आयोजन से जुड़ेंगे। उत्तराखंड में हरिद्वार का भगत सिंह चैक भी इन प्रमुख स्थलों में शामिल है। इसके अलावा देश के प्रत्येक जिले में भी साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी।
इस विशेष आयोजन की थीम ‘भारत के ओलंपिक सपने की ओर पैडल’ रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ स्वस्थ और फिट भारत का निर्माण करना तथा भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की आकांक्षा को मजबूती देना है। दिसंबर 2024 में शुरू हुई यह साप्ताहिक पहल अब जनभागीदारी का व्यापक अभियान बन चुकी है। इसके माध्यम से नागरिकों को नियमित व्यायाम, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
हरिद्वार में भगत सिंह चैक से साइकिल रैली का शुभारंभ सुबह छह बजे होगा। प्रतिभागियों को सुबह 5रू30 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम में सामूहिक साइकिल रैली, योग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खिलाड़ियों व युवाओं के साथ संवाद होगा। इस अवसर पर ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत के लिए’ अभियान को भी जोड़ा गया है। प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही हस्ताक्षर दीवार के माध्यम से नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.