#आदि #गौरव #महोत्सव में दिखे #उत्तराखण्ड की #जनजातीय #संस्कृति के #रंग

-संगीता ढौंडियाल, बंटी राणा, अनिल रावत और राकेश खनवाल ने लोकगीतों से बांधा समां
-हस्तशिल्प और लोक संगीत ने मोहा दर्शकों का मन

देहरादून। परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित चार दिवसीय आदि गौरव महोत्सव 2026 के तीसरे दिन भी देश की जनजातीय विरासत, पारंपरिक कला, लोक संगीत और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत उत्सव देखने को मिला। इस अवसर पर उत्तराखण्ड अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष लीला‍वती राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड की ओर से आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न जनजातीय समुदायों, शिल्पकारों और लोक कलाकारों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में जनजातीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय स्तर पर तैयार की गई वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। हस्तनिर्मित परिधान, पारंपरिक लकड़ी की कलाकृतियां, घर की सजावट से जुड़ी वस्तुएं, हस्तनिर्मित उत्पाद, जैविक खाद्य सामग्री और पहाड़ी मोटे अनाज की विभिन्न किस्में प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण रहे। प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों ने इन उत्पादों में खास रुचि दिखाई और जनजातीय समुदायों की कला एवं शिल्प कौशल की सराहना की।
प्रदर्शनी को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया पर जनजातीय कल्याण विभाग के उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी ने कहा, “प्रदर्शनी को लोगों की ओर से काफी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। यहां प्रदर्शित पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उपज में लोग विशेष रुचि दिखा रहे हैं। ऐसे मंच जनजातीय शिल्पकारों को अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने, व्यापक दर्शकों से जुड़ने और आजीविका के बेहतर अवसर प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही, इनके माध्यम से पारंपरिक ज्ञान और शिल्प कौशल को संरक्षित रखने में भी मदद मिलती है।” महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं। लोक नृत्य, पारंपरिक संगीत, देशज वाद्य यंत्रों और रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से कलाकारों ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान की झलक प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों के जरिए पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवंत रूप में दर्शाया गया।
शाम का मुख्य आकर्षण उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों संगीता ढौंडियाल, बंटी राणा, अनिल रावत और राकेश खनवाल की संगीतमय प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीता ढौंडियाल ने ‘टैं दिल्ली गुजरात’, ‘जय भोले’, ‘ढोल दमाऊ बाजी गेना’ और ‘छुम छुम घुंघरू’ जैसे लोकप्रिय गीतों से कार्यक्रम की शुरुआत को खास बना दिया। वहीं, बंटी राणा ने ‘कमली मस्तान दी’ और ‘भोले दा डमरू’ जैसे गीतों से माहौल में जोश भर दिया। राकेश खनवाल ने ‘हिमुली’ और ‘मोहन माधुरी’ की मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, अनिल रावत की प्रस्तुति ने भी संगीतमय शाम को यादगार बना दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संगीत परंपरा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित कई राज्यों के जनजातीय समुदायों ने भी प्रतिभाग किया। इनकी सहभागिता ने देश की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध जनजातीय विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया। महोत्सव में उत्तराखण्ड के जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इन समुदायों के पारंपरिक नृत्य, संगीत, वेशभूषा और रीति-रिवाजों ने दर्शकों को प्रदेश की विविध जनजातीय परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर प्रदान किया।
जनजातीय विरासत को बढ़ावा देने, पारंपरिक शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने और देशज समुदायों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित आदि गौरव महोत्सव सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सामुदायिक सहभागिता और पारंपरिक कला रूपों के संरक्षण का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। चार दिवसीय आदि गौरव महोत्सव का समापन 18 नवंबर 2026 को परेड ग्राउंड, देहरादून में होगा। महोत्सव आम जनता के लिए प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला है। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। ऐसे में शहरवासी और पर्यटक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक प्रदर्शनों के माध्यम से देश की जीवंत जनजातीय विरासत को करीब से देखने और अनुभव करने के लिए आमंत्रित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.