वीर गोर्खा कल्याण समिति ने आर्थिक रूप से कमजोर कन्या का विवाह समारोह संपन्न कराया

देहरादून। वीर गोर्खा कल्याण समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों एवं मानव सेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए ग्राम लच्छीवाला, डोईवाला में एक असहाय एवं आर्थिक रूप से विपन्न कन्या सृष्टि, पुत्री स्वर्गीय चंद्र बहादुर थापा, के शुभ विवाह के अवसर पर कन्यादान एवं सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति ने इस पुनीत कार्य के माध्यम से बेटी के विवाह में सहयोग प्रदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवविवाहित जोड़े को सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए हार्दिक आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष कमल थापा,उपाध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव आशु थापा, सदस्य, सोना शाही, बबीता गुरुंग, कर्मिता थापा, बुदेश राई सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने कहा कि वीर गोर्खा कल्याण समिति सदैव सामाजिक सेवा, मानवीय सहयोग एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति एवं संगठन का यह नैतिक दायित्व है कि वह जरूरतमंद परिवारों के सुख-दुःख में सहभागी बने और बेटियों के सम्मान एवं सुरक्षित भविष्य के लिए आगे आए। समिति का मानना है कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प है। अंत में समिति ने नवदंपति के उज्ज्वल भविष्य एवं सुखमय दांपत्य जीवन की मंगलकामना करते हुए इस पुनीत अवसर पर सहयोग एवं सहभागिता प्रदान करने वाले सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.