फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण, देहरादून और काशीपुर में उमड़े फिटनेस प्रेमी

-देहरादून-काशीपुर में साइकिलों के पहियों से गूंजा फिटनेस का संदेश
-फिट इंडिया अभियान के 100वें संस्करण में उत्तराखंड के 600 लोगों ने लिया हिस्सा
-नशामुक्त युवा और स्वस्थ भारत का संकल्प लेकर साइकिल रैली में उतरे खिलाड़ी

देहरादून। फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का आयोजन रविवार को देहरादून और काशीपुर में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, परिवारों और फिटनेस प्रेमियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त भारत का संदेश दिया। ओलंपिक आंदोलन को समर्पित इस विशेष संस्करण का आयोजन देश के 100 प्रमुख स्थलों सहित प्रत्येक जिले में किया गया। देशभर में 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियां निकाली गईं, जिनमें डेढ़ लाख से अधिक माई भारत स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।
उत्तराखंड में दोनों स्थानों पर लगभग 600 लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। देहरादून में करीब 300 फिटनेस प्रेमियों और 100 साइकिल चालकों ने साइकिल रैली के माध्यम से फिटनेस का संदेश दिया। वहीं काशीपुर में 250 से अधिक खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देहरादून में कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के सहयोग से किया। कार्यक्रम का नेतृत्व खेल निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश ममगाईं ने किया। इस दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण लखनऊ के सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम और खेल निदेशालय के सहायक निदेशक संजीव कुमार पौरी भी उपस्थित रहे।
राजेश ममगाईं ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि देहरादून फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का हिस्सा बना है। इस पहल का राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन बनना उत्साहजनक है। भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की आकांक्षा रखता है। ऐसे में जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं सहित प्रत्येक नागरिक को फिटनेस के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। काशीपुर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल प्रशिक्षण केंद्र में कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई। इसके बाद जुंबा और एरोबिक्स सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने रस्साकशी, बोरा दौड़ और रस्सी कूद जैसी गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के ध्येय वाक्य के साथ नशामुक्त भारत की शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से लगभग 500 साइकिल चालकों के साथ ‘पॉल्यूशन का सॉल्यूशन’ संदेश देकर इस अभियान की शुरुआत हुई थी। अब तक इसके 100 संस्करणों में देशभर में लगभग 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की गई है। वर्तमान में यह अभियान लगभग 10 हजार स्थानों पर संचालित हो रहा है और छह हजार से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब स्थापित किए जा चुके हैं। यह पहल फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त जीवनशैली, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय एकता और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.