पांडवास बैंड की शानदार प्रस्तुति के साथ आदि गौरव महोत्सव-2026 का भव्य समापन

-परेड ग्राउंड में उमड़े संगीत प्रेमी, पांडवास के साथ अतर शाह, सुरेंद्र राणा और जितेंद्र तोमक्याल के गीतों ने बांधा समां

देहरादून: भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत, संस्कृति और परंपराओं के उत्सव आदि गौरव महोत्सव-2026 का बुधवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में भव्य संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। महोत्सव के चौथे और अंतिम दिन सैकड़ों संगीत प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान उत्तराखण्ड के लोकप्रिय लोक-फ्यूजन बैंड पांडवास की बहुप्रतीक्षित प्रस्तुति शाम का मुख्य आकर्षण रही।

महोत्सव में बालिकाओं को आगे रखने और उन्हें प्रोत्साहित करने की सोच के साथ एक अभिनव पहल करते हुए, समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मेहरावना, चकराता की छात्रा कु० नव्या शाह को आमंत्रित किया गया। यह पहल बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में उन्हें समान अवसर और सम्मान देने का एक सार्थक संदेश भी रही।

राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित चार दिवसीय महोत्सव में देशभर के जनजातीय समुदायों, शिल्पकारों, सांस्कृतिक दलों और कलाकारों ने प्रतिभाग किया। महोत्सव ने भारत की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया।

समापन संध्या का मुख्य आकर्षण पांडवास बैंड की शानदार प्रस्तुति रही। पारंपरिक उत्तराखण्डी लोक संगीत और आधुनिक संगीत संयोजन के अनूठे संगम ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। बैंड ने ‘राधा’, ‘गजीना’, ‘केदारनाथ’, ‘घुघुती बासूती’ और ‘म्योलाड़ी’ जैसे अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। पारंपरिक लोक धुनों की नई और ऊर्जावान संगीतात्मक अभिव्यक्ति पर दर्शकों ने तालियों और गीतों के साथ खूब उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अतर शाह, सुरेंद्र राणा और जितेंद्र तोमक्याल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। अतर शाह ने ‘सथेनी बिनिये’, ‘पिनी छोड़ि’, ‘लाडो’ और ‘बिनिये’ जैसे लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, सुरेंद्र राणा ने ‘रेणुये’, ‘बिंद्रा ले’ और ‘मेरी पहाड़न’ जैसे चर्चित गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा जितेंद्र तोमक्याल ने ‘माया का झमेला’, ‘टिहरी की नथुली’, ‘संगीता’ और ‘धना’ जैसे लोकप्रिय कुमाऊंनी गीतों से सांस्कृतिक संध्या को और भी यादगार बना दिया।

महोत्सव के दौरान दिनभर आयोजित प्रदर्शनी में भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर जनजातीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय कलाकृतियों और क्षेत्रीय उत्पादों का अवलोकन किया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों और प्रदर्शकों ने हस्तनिर्मित वस्त्र, लकड़ी से बनी कलाकृतियां, घरेलू सजावट के सामान, पारंपरिक उत्पाद, जैविक खाद्य सामग्री और विभिन्न प्रकार के स्थानीय मोटे अनाज प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को शिल्पकारों से सीधे संवाद करने, उनकी कला को करीब से समझने और पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक हुनर को जानने का अवसर मिला।

महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय सांस्कृतिक दलों ने अपनी पारंपरिक लोक कलाओं, संगीत और नृत्य शैलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

इस वर्ष महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित कई राज्यों के जनजातीय समुदायों ने प्रतिभाग किया। गुजरात के अफ्रीकी मूल के जनजातीय समुदाय सिद्दी की सहभागिता इस वर्ष के महोत्सव की विशेष उपलब्धियों में से एक रही। उत्तराखण्ड के जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों के साथ देश के अन्य हिस्सों से आए जनजातीय समूहों ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को साझा किया।

इस अवसर पर उप निदेशक, जनजातीय कल्याण, उत्तराखण्ड राजीव कुमार सोलंकी ने कहा, “आदि गौरव महोत्सव भारत की समृद्ध जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता का एक सार्थक उत्सव रहा है। आगंतुकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, प्रदर्शनी के प्रति लोगों की रुचि और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को मिली शानदार प्रतिक्रिया हमारी स्वदेशी परंपराओं के प्रति बढ़ती सराहना को दर्शाती है। इस मंच के माध्यम से हमारा प्रयास जनजातीय शिल्पकारों और सांस्कृतिक समूहों को अधिक पहचान और अवसर प्रदान करना है, ताकि वे अपनी अमूल्य विरासत को संरक्षित करने, बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में सक्षम हो सकें। इस चार दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागी समुदायों, कलाकारों, शिल्पकारों, आगंतुकों और आयोजन से जुड़ी टीमों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.