नव्या 2.0 का हरिद्वार से शुभारंभ, 100 जिलों की युवतियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाएगी नव्या 2.0, 24 राज्यों के 100 जिलों में होगा कौशल विकास

-ड्रोन से सोलर तकनीक तक रोजगार का प्रशिक्षण लेंगी बेटियां, हरिद्वार से शुरू हुई नव्या 2.0

-महिला सशक्तीकरण को नई उड़ान देगी नव्या 2.0, 16 से 25 वर्ष तक की युवतियों को मिलेगा लाभ

हरिद्वार। किशोरियों और युवा महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों की युवतियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

नव्या (युवा महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं को प्रोत्साहन) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य युवतियों को पारंपरिक रोजगार के दायरे से बाहर निकलकर उभरते और गैर-पारंपरिक कार्यक्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराना है। नव्या 2.0 के तहत पात्रता आयु सीमा 16 से 18 वर्ष के स्थान पर बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। इससे अधिक संख्या में युवतियां इस योजना का लाभ उठा सकेंगी।

योजना के अंतर्गत उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाली युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर एक समान मानक संचालन प्रक्रिया लागू होगी। स्किल इंडिया डिजिटल हब के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन से लेकर प्रशिक्षण और प्रमाणन तक सहायता मिलेगी। इसके साथ ही प्रत्येक प्रशिक्षु की प्रगति पर निगरानी रखी जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें। उन्होंने मां गंगा की अविरल धारा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी निरंतर प्रवाहमान प्रकृति हमें आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में उनका सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इसी संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में नामांकन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक बालिका और उसके परिवार के साथ नामांकन से लेकर आजीविका प्राप्त करने तक निरंतर संपर्क बनाए रखना है। राज्य नोडल अधिकारी कार्यक्रम के क्रियान्वयन का नेतृत्व करेंगे और डिजिटल पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रगति पर नजर रखी जाएगी, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों को सार्थक रोजगार मिल सके।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की सफलता का वास्तविक आकलन प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से होता है। नव्या 2.0 विशेष रूप से वंचित और पिछड़े जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने, अप्रेंटिसशिप के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए सक्षम बनाना जरूरी है।

नव्या 2.0 के तहत पायलट चरण की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी के रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण का विस्तार किया जाएगा। पायलट चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन और सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे रोजगारपरक कार्यक्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था। अब इस पहल के माध्यम से युवतियों को तकनीकी और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत प्रशिक्षित 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक, संयुक्त सचिव हेना उस्मान, अजीत कुमार सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नव्या 2.0 के माध्यम से केंद्र सरकार का लक्ष्य युवतियों को केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर उन्हें स्थायी आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। यह पहल महिला नेतृत्व वाले विकास को प्रोत्साहित करने के साथ देश के कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.