नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान ताई तुगुंग को प्रदान किया जाएगा

देहरादून। नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान 2026 अरुणाचल प्रदेश के गौरव ताई तुगुंग को प्रदान किया जाएगा। ताई तुगुंग अरुणाचल प्रदेश की न्यीशी भाषा की फिल्मों के अभिनेता, रंगकर्मी, नाटककार और हिन्दी भाषा के शिक्षक हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में लोक रंगमंच, स्थानीय लोक-संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य किया है। तुगुंग न्यीशी, असमिया, हिन्दी और अंग्रेजी भाषा के जानकार हैं तथा ईस्ट कामेंग अरुणाचल प्रदेश में शासकीय महाविद्यालय में हिन्दी के सहायक आचार्य हैं।
उत्तराखण्ड लोक समाज के बैनर तले दिया जाने वाला नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान हिमालयी राज्यों में सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक व लोक कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले व्यक्तित्व को प्रदान किया जाता है। इस सम्मान से सम्मानित की जाने वाली शख्सियत को दो लाख इक्कावन हजार रुपये (2,51,000 रू) की धनराशि, प्रशस्ति और अंगवस्त्र प्रदान किया जाता है। यह सम्मान नरेन्द्र सिंह नेगी के जन्मदिन पर 12 अगस्त 2026 को प्रदान किया जाएगा।
इस वर्ष नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान से सम्मानित होने वाले ताई तुगुंग अरुणाचल प्रदेश के प्रथम नाटककारों में शुमार किये जाते हैं। वे विगत दो दशक से सक्रिय रंगकर्मी हैं तथा द केरेटर्सष्नाट्य संस्था के संस्थापक हैं। वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नाटक लेखन,अभिनय और निर्देशन में सक्रिय हैं। आपने अरविंद गौड़ द्वारा निर्देशित भीष्म साहनी के कबिरा खड़ा बाजार में सिकन्दर लोदी की भूमिका, हबीब तनवीर के चरनदास चोर में चरनदास की, प्रभाकर श्रोतिय के सांच कहूॅं तो में उड़ीसा के राजा, द माइजर में मुख्य भूमिका, स्वरचित नाटक दोत्री यायी चुमजी में आबोतानी तथा लप्या में गांव बूढ़ा तामर की यादगार भूमिका निभाई।
रंगकर्मी, नाटककार ताई तुगुंग ने फिल्म डॉक्टर आबो, ईटानगर जीरो किलोमीटर तथा डाक्यूमेंट्री द केच में अभिनेता की भूमिका निभाई है द किल्ड माई सन में खलनायक,भेड़िया में पुलिस एच.टेम्पोल,संगी माई में मुख्य भूमिका अदा की ।संगी माई फिल्म का कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शन हुआ।टीबी धारावाहिक कड़ियां में ताई तुगुंग ने प्रिंस की मुख्य भूमिका निभाई। राज्य स्तर पर विभिन्न सम्मानों से सम्मानित और आंचलिक सिनेमा के पहले सुपरस्टार की ख्याति प्राप्त ताई तुगुंग को नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान 12 अगस्त को देहरादून में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर नरेन्द्र सिंह नेगी जी के  गीतों के अंग्रेजी अनुवाद की पुस्तक का लोकार्पण भी किया जाएगा। नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों का यह अनुवाद उत्कर्ष भट्ट द्वारा किया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.