आईआईटी रुड़की में नवाचार की नई उड़ान, युवा उद्यमियों को मिले 5.80 लाख रुपये

-100 से अधिक विचारों में 12 टीमों ने बनाई जगह, स्टैम्प्ड को मिला ढाई लाख का पुरस्कार
-एआई से जल तकनीक तक युवाओं ने दिखाए नए समाधान, उद्यमिता को मिला प्रोत्साहन

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने प्रिसर्व इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से एलुमनाई-लेड वेंचर वॉल्ट 2026 का आयोजन किया। संस्थान के स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों को अपने नवाचार आधारित विचारों को व्यावहारिक उद्यम में बदलने का अवसर मिला। कार्यक्रम के लिए 100 से अधिक नवाचार आधारित विचार प्राप्त हुए। प्रतिस्पर्धात्मक मूल्यांकन के बाद 12 टीमों को अंतिम चरण में अपनी प्रस्तुतियां देने के लिए चुना गया। प्रतियोगिता में कुल 5.80 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में प्रिसर्व इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल गोयल मुख्य अतिथि तथा आर्सेलरमित्तल के उपाध्यक्ष संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में टीम स्टैम्प्ड ने पहला स्थान हासिल करते हुए 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। गणित एवं कंप्यूटिंग विभाग के उत्सो सरकार और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विनायक रायजादा की इस टीम ने विनिर्माण क्षेत्र में औद्योगिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधान प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य औद्योगिक अपशिष्ट और ऊर्जा खपत कम करने के साथ उत्पादन क्षमता बढ़ाना है। टीम फ्रेस्को ने एक लाख रुपये का प्रथम उपविजेता पुरस्कार प्राप्त किया। टीम ने प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित टिकाऊ निष्क्रिय शीतलन सामग्री की अवधारणा प्रस्तुत की।
द्वितीय उपविजेता का पुरस्कार संयुक्त रूप से टीम जलएआई और टीम मॉसनोवा को दिया गया। दोनों टीमों को 75-75 हजार रुपये मिले। जलएआई ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इंटरनेट आधारित उपकरण विकसित करने की अवधारणा प्रस्तुत की, जिसके माध्यम से गांवों में असुरक्षित पेयजल की पहचान कुछ ही मिनटों में की जा सकेगी। वहीं मॉसनोवा ने भवनों की सतहों के लिए काई आधारित टिकाऊ तकनीक का समाधान पेश किया।
अन्य आठ अंतिम चरण की टीमों को भी 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। निर्णायक मंडल ने नवाचार, समस्या समाधान की क्षमता, बाजार की संभावनाओं, व्यावहारिकता और प्रस्तुति के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया। संजय शर्मा ने प्रतिभागियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि इनमें भविष्य के उद्यमी और संस्थापक बनने की क्षमता है। उचित मार्गदर्शन और धैर्य के साथ ये विचार महत्वपूर्ण बदलाव लाने वाली कंपनियों का रूप ले सकते हैं। कमल गोयल ने युवा प्रतिभाओं और उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि नए विचारों को सफल उद्यम में बदलने के लिए व्यावहारिक अनुभव और मार्गदर्शन जरूरी है। आईआईटी रुड़की के निदेशक कमल किशोर पंत ने कहा कि नवाचार केवल शोध और विचारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उससे समाज और उद्योग के लिए सार्थक परिणाम सामने आने चाहिए। संस्थान युवा नवोन्मेषकों को मंच, मार्गदर्शन और उद्योग जगत से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
संसाधन एवं पूर्व छात्र कार्य विभाग के डीन योगेश के. शर्मा ने कहा कि पूर्व छात्रों का अनुभव और मार्गदर्शन युवा उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। वेंचर वॉल्ट जैसी पहल संस्थान में नवाचार और उद्यमिता के वातावरण को मजबूत करने में सहायक है। कार्यक्रम में विनिर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रौद्योगिकी और सतत विकास से जुड़े नए समाधान प्रस्तुत किए गए। इस आयोजन ने विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और उद्योग जगत के बीच सहयोग को नई दिशा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.