मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- मीडिया टीम नारद की तरह समन्वय करती है

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस प्रकार देवऋषि नारद तीनों लोक में समन्वय स्थापित करते थे, उसी तरह आधुनिक भारत में पार्टी की मीडिया टीम जनता, पार्टी व सरकार का पक्ष समन्वय के साथ विभिन्न संचार माध्यमों के समक्ष रखती है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को यहां पार्टी की राज्य स्तरीय मीडिया कार्यशाला में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम वह कार्यकर्त्‍ता हैं और उसके बाद मुख्य सेवक। मीडिया टीम से मिल रही सूचनाओं का संज्ञान लेकर वह कार्यवाही करते हैं।

मुख्यमंत्री ने रोजगार, स्वरोजगार की दिशा में सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि 24 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। तीन माह माह के भीतर इनमें आधी भर्तियां हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष उनकी घोषणाओं पर सवाल उठा रहा है, मगर वह विभिन्न विभागों और वित्त विभाग से आकलन करवाने के बाद ही घोषणाएं कर रहे हैं, जो निश्चित रूप से धरातल पर आएंगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसे सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करना है।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर जनता के बीच परीक्षा देनी होती है। मीडिया टीम की रोजाना परीक्षा होती है, जिसमें गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती। उन्होंने कहा कि मीडिया टीम में काम करने वालों को जल्द स्पेस मिलता है। इस कड़ी में उन्होंने प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं के साथ ही खुद का उदाहरण भी दिया। उन्होंने संचार माध्यमों पर चलने वाली मीडिया गतिविधियों और इनमें आने वाले बदलाव पर रोशनी डाली। साथ ही केंद्र, राज्य सरकारों की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के बारे में टिप्स भी दिए।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने मीडिया प्रभारियों को संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनसे विधानसभा चुनाव तक पूर्णकालिक के रूप में कार्य करने को कहा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने नियमित तौर पर ऐसी कार्यशालाओं के आयोजन पर बल दिया।

भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने कहा कि भाजपा की तुलना अन्य दलों से नहीं की जा सकती। उन्होंने नाम लिए बगैर कहा कि एक पार्टी परिवार से बनी हुई है तो एक नई पार्टी झूठ परोसकर। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो विचारधारा और कार्यकर्ताओं से बनी है। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली ने कहा कि विपक्ष नकारात्मक वातावरण बना रहा है, जिसका समय पर सटीक जवाब देना होगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर योजनापूर्वक कार्य करने पर जोर दिया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह ने भी मीडिया टीम को टिप्स दिए। राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा, मयंक गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार आदि ने भी विचार रखे। कार्यशाला में पार्टी की प्रदेश मीडिया टीम के अलावा सभी जिलों के मीडिया प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के मीडिया प्रभारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.