उप चुनाव में भाजपा ने महेश जीना को प्रत्याशी बनाया, आज करेंगे नामांकन

राज्य ब्यूरो, देहरादून। अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा सीट के लिए 17 अप्रैल को होने जा रहे उप चुनाव में भाजपा ने महेश जीना को प्रत्याशी बनाया है। महेश जीना सल्ट के विधायक रहे स्व सुरेंद्र सिंह जीना के भाई हैं। राज्य की चौथी विधानसभा में यह लगातार तीसरा उप चुनाव है, जिसमें भाजपा ने सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक के निधन से रिक्त हुई सीट पर उनके ही स्वजन को मैदान में उतारा है।

गत नवंबर में विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का असामयिक निधन हो गया था। भाजपा ने इस सीट के उप चुनाव के लिए महेश जीना समेत छह दावेदारों का पैनल तैयार कर आलाकमान को भेजा था। सोमवार को भाजपा आलाकमान ने प्रत्याशी के रूप में महेश जीना के नाम पर मुहर लगा दी। भाजपा एक तरह से स्व सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से उपजी सहानुभूति का लाभ लेने की रणनीति ही अमल में लाई। इससे पहले हुए दो उप चुनावों में भी भाजपा ने दो विधायकों के निधन पर उनके स्वजनों को ही प्रत्याशी बनाया था।

दरअसल, सल्ट सीट का यह उप चुनाव नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए पहली अग्नि परीक्षा के समान है। तीरथ के नेतृत्व में भाजपा के लिए यह पहला चुनाव है। इसके अलावा इस उप चुनाव की अहमियत इसलिए भी काफी ज्यादा है, क्योंकि अब अगले विधानसभा चुनाव के लिए एक साल से भी कम वक्त बचा है। सल्ट में जिस भी पार्टी को कामयाबी मिलेगी, वह बढ़े हुए मनोबल के साथ विधानसभा चुनाव में जाएगी। साथ ही इस उप चुनाव का नतीजा राज्य में भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल के आकलन के लिहाज से कसौटी का काम भी करेगा।

सल्ट सीट के लिए आज नामांकन कराएंगे भाजपा प्रत्याशी

भाजपा के सल्ट उप चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशी महेश जीना मंगलवार को नामांकन कराएंगे। नामांकन के अवसर पर भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि इस मौके पर नामांकन स्थल भिकियासैंण में सुबह 10-30 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संग़ठन अजेय, प्रदेश महामंत्री एवं सल्ट चुनाव के प्रभारी सुरेश भट्ट, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, राज्य मंत्री धन सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट व अजय टम्टा मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद 11 बजे स्याल्दे छ्यानी बगड़ में जनसभा का भी आयोजन किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक जनसभा को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.