लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा एक्टिव मोड में; नड्डा फूकेंगे चुनावी बिगुल

 कानपुर। लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा एक्टिव मोड में आ चुकी है। मिशन 2024 के लिए भाजपा ने रणनीति भी तैयार कर ली। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 10 लोकसभा सीटों को तीन क्लस्टर में बांटा गया है। भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल और क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए।

बंट गए हैं क्लस्टर

बांदा क्लस्टर में हमीरपुर, बांदा और फतेहपुर लोकसभा की सीट शामिल हैं। कानपुर क्लस्टर में शहर के अलावा अकबरपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद और इटावा लोकसभा क्षेत्र को रखा गया है। झांसी क्लस्टर में झांसी व जालौन लोकसभा सीटें हैं।

31 जनवरी तक खोले जाएंगे कार्यालय

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि 31 जनवरी तक सभी लोकसभा क्षेत्रों के लिए कार्यालय भी खोल दिए जाएंगे। फरवरी की शुरुआत में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा क्लस्टरों की समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश देने आएंगे।

क्षेत्रीय संयोजक और सह संयोजक करेंगे प्रवास

10 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक एवं क्षेत्रीय सह संयोजकों के प्रवास कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। इनमें क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, कानपुर देहात एवं कानपुर ग्रामीण में प्रवास करेंगे, क्षेत्रीय सहसंयोजक श्याम मोहन दुबे इटावा, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद, क्षेत्रीय सह संयोजक पंकज त्रिपाठी हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट में प्रवास करेंगे एवं ललितपुर, झांसी, जालौन में भी क्षेत्रीय संयोजक एवं सह संयोजक प्रवास कर व्यापारियों के बीच जाकर मजबूत रणनीति तय करेंगे ताकि आगामी लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल कर सकें।

बैठक में ये लोग रहे शामिल

बैठक में प्रदेश सह संयोजक मुकुंद मिश्रा, अनीता गुप्ता, प्रवीन गुप्ता, संतोष गुप्ता, अनूप अवस्थी, मोहित पांडेय, मनीष त्रिपाठी, दिनेश सिंह राठौर, किशन केसरवानी मौजूद रहे।

विदेश के व्यापारी भी प्रदेश में उद्योग लगाने को हैं उत्साहित

मोदी और योगी सरकार में विदेश के व्यापारी भी उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने को उत्साहित हैं। व्यापारियों के सम्मान के लिए प्रदेश के कमिश्नरी वाले 18 जिलों में व्यापार सम्मेलन आयोजित हो रहा है। शहर में 11 फरवरी को सम्मेलन होगा। ये बातें मंगलवार को भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल ने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक से पहले प्रेस वार्ता में कहीं।

विनीत अग्रवाल ने कहा कि देश में जब कांग्रेस की यूपीए और उप्र में सपा सरकार थी तो व्यापारी सही से सोता तक नहीं था। वह खुद को असुरक्षित महसूस करता था लेकिन मोदी और योगी सरकार विकास हुआ है। व्यापारियों की अनेकों योजनाएं आई हैं। पहली बार उद्यमियों को 50 लाख तक का लोन 24 घंटे में मिलने की योजना है। 44 करोड़ लोग लोन दे चुके हैं। इनमें 75 प्रतिशत महिलाओं को लोन देकर उद्यमी बनाया है।

52 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी व संयोजकों की हुई घोषणा

लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगी भाजपा पहले ही बिसात मजबूत करने में जुट गई है। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने 52 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी व संयोजकों की आज घोषणा कर दी । क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सीसामऊ में रीता शास्त्री को प्रभारी व वीरेंद्र श्रीवास्तव को संयोजक बनाया है। किदवई नगर में प्रभारी संतोष सिंह राजू और संयोजक विनोद शुक्ला होंगे।

इनको मिली अहम जिम्मेदारी

आर्यनगर में राकेश गुप्ता चुन्नू प्रभारी जबकि विनोद शुक्ला संयोजक बने हैं। गोविंद नगर में कौशल किशोर दीक्षित प्रभारी व विजय मिश्रा को संयोजक बनाया गया है। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी अनिल दीक्षित व संयोजक रज्जन सिंह परिहार होंगे।

इनके कंधों पर होगी चुनावों की तैयारी

अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में कल्याणपुर विस क्षेत्र के प्रभारी अखिलेश बाजपेई, संयोजक उमेश निगम, बिठूर में प्रभारी गणेश यादव व संयोजक रूप नारायण त्रिपाठी, महाराजपुर में प्रभारी सरस्वती शरण द्विवेदी व संयोजक शैलेन्द्र त्रिपाठी, घाटमपुर में प्रभारी प्रेमनाथ विश्नोई और संयोजक कमलेश त्रिवेदी बनाए गए हैं। इरनियां विस क्षेत्र प्रभारी राजेश सिंह सेंगर व संयोजक सतीश शुक्ला बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.