300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको कार, सात महिलाओं समेत आठ की मौत, चार घायल

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रिखणीखाल विकासखंड में कलवाड़ी गांव के समीप एक इको कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के समय वाहन में कुल 12 लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। ये महिलाएं बैंक संबंधी काम और बैणी-भुली योजना के आवेदन भरने के सिलसिले में सिद्धखाल गई थीं। काम निपटाने के बाद सभी अपने गांव भंगालवाड़ लौट रही थीं। इसी दौरान सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के समीप अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर रिखणीखाल थाना पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।चार घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। आठ लोगों की मौत की पुष्टि पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने की।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. कांती देवी (45 वर्ष)
2. रेखा देवी (42 वर्ष)
3. अनिल देवराड़ा (48 वर्ष), वाहन चालक
4. सुमित्रा देवी (50 वर्ष)
5. सुनीता देवी (45 वर्ष)
6. धनेश्वरी देवी (46 वर्ष)
7. सरोजनी देवी (38 वर्ष)
8. रजनी देवी (25 वर्ष)
घायलों में शशि देवी (35 वर्ष), शकुंतला देवी (45 वर्ष), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36 वर्ष) शामिल हैं। मृतक और घायल सभी भंगालवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को हवाई मार्ग से उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने भी जताया शोक, आर्थिक सहायता की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
एक ही गांव के आठ लोगों की असमय मौत से भंगालवाड़ और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित यातायात और आपातकालीन बचाव व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.