छावला सामूहिक दुष्कर्म मामले में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्‍सेना ने पुनर्विचार याचिका को दी मंजूरी

देहरादून : दिल्ली के छावला सामूहिक दुष्कर्म व हत्या मामले में उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्‍सेना ने पुनर्विचार याचिका को मंजूरी दे दी है। इस पर मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने उनका आभार जताया है।

बता दें कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालतों के फैसले को पलटते हुए दोषियों को निर्दोष करार दिया था। जिसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीडि़ता के स्वजन को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।

रविवार को मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने अपने दिल्‍ली दौरे के समय पीडि़ता के पिता से मुलाकात कर न्‍याय का भरोसा दिलाया था।

उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छावला दुष्कर्म व हत्या मामले में पीडि़त उत्तराखंड की बेटी के माता-पिता से रविवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में मुलाकात की थी। इस दौरान उन्‍होंने कहा था कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

गौरतलब हो कि वर्ष 2012 में उत्तराखंड निवासी युवती की दिल्ली में दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। हाल में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के आरोपितों को बरी कर दिया था। मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने इस मामले में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू से बात की है।

मामले से संबंधित वकील चारू खन्ना से भी पूरी जानकारी ली गई है। पूरा उत्तराखंड उनके साथ है। मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पूर्व उत्तराखंड की बेटी के पिता से फोन पर बात की थी और कहा था कि वह जल्द दिल्ली आकर उनसे मुलाकात करेंगे।

दिल्ली में रोड शो में लिया भाग

रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कुमाऊं दौरे से दिल्ली पहुंचे और शाम को वहां विनोदनगर और मंडावली सीट से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित रोड शो में भाग लिया। दिल्ली में उत्तराखंडी प्रवासियों की अच्छी-खासी संख्या है और कई सीटों पर वे निर्णायक भूमिका में भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.