स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देहरादून में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून  हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने के साथ ही संविधान एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ न्यू कोर्ट बिल्डिंग, देहरादून से हुआ। यात्रा प्रिंस चैक, तहसील चैक एवं दर्शन लाल चैक होते हुए घंटाघर पहुंची। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।
यात्रा में जनपद के न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, दून वैली व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न लॉ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, पराविधिक कार्यकर्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। न्यायिक संस्थाओं, अधिवक्ताओं, प्रशासन, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं युवा वर्ग की सामूहिक सहभागिता ने तिरंगा यात्रा को व्यापक जन-जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति के आयोजन का स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्री हरीश कुमार गोयल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान तथा भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराने के साथ-साथ संविधान प्रदत्त अधिकारों और अपने संवैधानिक एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि प्राधिकरण का मूल उद्देश्य ‘न्याय सबके लिए’ की भावना को साकार करना है। स्वतंत्रता और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं। सशक्त लोकतंत्र की वास्तविक पहचान तभी है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समानता, गरिमा और न्याय तक समान अवसर एवं पहुंच प्राप्त हो। उन्होंने नागरिकों से संविधान के मूल्यों का सम्मान करने तथा सामाजिक सौहार्द, भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा के मार्ग में स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रतिभागियों का स्वागत किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम किसी एक संस्था या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, एसपी क्राइम सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष  अनिल शर्मा, दून वैली व्यापार मंडल के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों, न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.