राम शरण नौटियाल ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की 

देहरादून। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता राम शरण नौटियाल ने आज नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वर्ष 2022 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि रामचरण नौटियाल प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। सदस्यता ग्रहण के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सप्पल तथा सह प्रभारी मनोज यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने रामशरण नौटियाल का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं, सामाजिक सौहार्द और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस की विचारधारा और उसके संघर्षों में विश्वास व्यक्त करते हुए राम शरण नौटियाल का पार्टी में सम्मिलित होना स्वागतयोग्य है।
श्रीमती दसौनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा देश के संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय तथा समावेशी विकास के मूल सिद्धांतों पर आधारित है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। वहीं, उत्तराखंड में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रियता से कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राम शरण नौटियाल के राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी तथा जौनसार-बावर क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग प्राप्त होगा। श्रीमती दसौनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति से अपेक्षा रहती है कि वह पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं सिद्धांतों के प्रति पूर्ण निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राम शरण नौटियाल कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने, जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.