युवा संगम डेलीगेट्स ने अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव महोत्सव में की सक्रिय सहभागिता; मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई गणमान्य रहे मौजूद

देहरादून / थानो (लेखक गांव):
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करते हुए ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के तहत पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड पहुंचे प्रतिनिधिमंडल (डेलीगेट्स) ने आज थानो स्थित ‘लेखक गांव’ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस भव्य अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में लगभग 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जहाँ कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल से आए युवाओं ने इन गतिविधियों में अपनी सक्रिय और ऊर्जावान सहभागिता दर्ज कराई।
महोत्सव के दौरान आयोजित विशेष सत्र में प्रदेश के  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्रीअजय टमटा, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शीर्ष नेतृत्व एवं गणमान्य अतिथियों का संबोधन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी:
युवा प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘युवा संगम’ कार्यक्रम देश की विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि संस्कृति और पश्चिम बंगाल की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के बीच यह अंतर-राज्यीय संवाद युवाओं को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बांधता है। उन्होंने डेलीगेट्स का उत्तराखंड में हार्दिक अभिनंदन किया।
पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’:
डॉ. निशंक ने अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव में युवाओं की उपस्थिति का स्वागत करते हुए कहा कि युवा संगम कार्यक्रम प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो युवाओं को भारत की ज्ञान परंपरा, विविधता और विभिन्न राज्यों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री  अजय टमटा:
श्री टमटा ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और साहित्यिक आदान-प्रदान से देश के युवाओं को एक-दूसरे के राज्यों की विकास यात्रा, परंपराओं और धरोहरों को गहराई से समझने का अवसर मिलता है।
कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह:
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि वह उत्तराखंड राज्य के नोडल संस्थान के रूप में इस प्रतिष्ठित युवा संगम कार्यक्रम का कुशल संचालन कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भ्रमण युवाओं के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से मुख्यमंत्री का सम्मान
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य के नोडल संस्थान हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की ओर से नोडल अधिकारी एवं पृथ्वी विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. महावीर सिंह नेगी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रो. नेगी ने अपने संबोधन में युवा संगम के उद्देश्यों और विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जा रही गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
प्रेरणा से गदगद हुए युवा प्रतिनिधि
पश्चिम बंगाल की नोडल एजेंसी आईआईटी खड़गपुर के प्राध्यापकों एवं दल के साथ पहुंचे डेलीगेट्स ने अंतरराष्ट्रीय लेखक गांव के इस भव्य मंच पर विश्वभर से आए विचारकों और साहित्यकारों से संवाद स्थापित किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महोत्सव में शीर्ष जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और विदेशी प्रतिनिधियों से संवाद कर छात्र-छात्राएं गदगद नजर आए। युवाओं ने कहा कि इस दौरे और उच्चस्तरीय संवाद से उन्हें राष्ट्र निर्माण और अंतर-सांस्कृतिक समझ बढ़ाने के लिए असीम प्रेरणा मिली है। कार्यक्रम के दौरान एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय और आईआईटी खड़गपुर के संकाय सदस्य एवं समन्वयक भी उपस्थित रहे और सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.