प्रो. डॉ. हिमांशु एरन को पितृशोक, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. क्षेमेन्द्र गुप्ता का निधन

ऋषिकेश। देश के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. क्षेमेन्द्र गुप्ता का शनिवार, 1 अगस्त को सायं लगभग 5 बजे निधन हो गया। वे प्रो. डॉ. हिमांशु एरन, पूर्व कुलपति, सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून एवं वर्तमान पूर्णकालिक सदस्य, डेंटल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड, राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग, भारत सरकार के पूज्य पिताश्री थे।
डॉ. गुप्ता ने हल्दौर, बिजनौर एवं मेरठ क्षेत्र में लंबे समय तक चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। मोतियाबिंद उपचार, पोलियो उन्मूलन एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उनका योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। वे शिक्षा के भी प्रबल समर्थक थे तथा हल्दौर की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े रहे।
परिवार द्वारा जारी शोक सूचना के अनुसार, डॉ. गुप्ता ने अपना जीवन निष्ठा, सेवा एवं मानवीय मूल्यों को समर्पित किया। उनकी पुत्री डॉ. प्रीति विश्नोई भी नेत्र चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा 10 हजार से अधिक निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर चुकी हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी चिकित्सा, शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं।
मानव सेवा की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए डॉ. गुप्ता ने नेत्रदान किया, जिससे दो लोगों के जीवन में रोशनी की उम्मीद बनी। रविवार को उनका अंतिम संस्कार पूर्णानंद श्मशान घाट, मुनि की रेती, ऋषिकेश में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। उनकी स्मृति में शांति हवन एवं श्रद्धांजलि सभा 13 अगस्त गुरुवार को आयोजित की जाएगी। शांति हवन प्रातः 9 बजे D-2, गंगा वाटिका रिट्रीट, मुनि की रेती तथा श्रद्धांजलि सभा अपराह्न 3 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रेलवे रोड, ऋषिकेश में होगी। डॉ. गुप्ता के निधन पर चिकित्सा, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रो. डॉ. हिमांशु एरन एवं समस्त एरन परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.