उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन हब बनाने की पहल, 15-16 जुलाई को देहरादून में होगी पर्यटन चिंतन गोष्ठी

देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन की नई संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से 15 एवं 16 जुलाई को देहरादून स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिसॉर्ट में दो दिवसीय ‘पर्यटन विचार एवं चिंतन गोष्ठी’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रतिष्ठित इवेंट प्लानर, वेडिंग प्लानर, पर्यटन विशेषज्ञ तथा उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

गोष्ठी में डेस्टिनेशन वेडिंग, हेल्थ टूरिज्म, स्पिरिचुअल (आध्यात्मिक) टूरिज्म और उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाओं पर मंथन होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसरों का सृजन करते हुए उत्तराखंड को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। आयोजन में पर्यटन नीति, निवेश, स्थानीय रोजगार, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

पुनर्नवा वेलनेस रिसॉर्ट के एमडी आचार्य आशीष सेमवाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य का प्रदेश नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, स्वास्थ्य और संस्कृति की भी भूमि है। उनका मानना है कि यदि राज्य में डेस्टिनेशन वेडिंग, वेलनेस और स्पिरिचुअल टूरिज्म को समग्र दृष्टिकोण के साथ विकसित किया जाए तो उत्तराखंड देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सकता है। उन्होंने कहा कि इस चिंतन गोष्ठी का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर ऐसे ठोस सुझाव तैयार करना है, जिनसे राज्य में निवेश बढ़े, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले और पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा प्राप्त हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.