देहरादून में आर्यिकारत्न 105 पूर्णमती माताजी का भव्य मंगल प्रवेश

 

देहरादून। आचार्य गुरुवर श्री विद्यासागर जी महामुनिराज एवं आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद से आर्यिकारत्न श्री 105 पूर्णमती माताजी ससंघ का देहरादून में मंगल प्रवेश अत्यंत भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि माजरा स्थित जैन मंदिर से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा गांधी रोड स्थित श्री दिगम्बर जैन भवन तक पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं भक्ति के साथ गुरु माँ का स्वागत किया।
यह जैन समाज के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि आर्यिकारत्न श्री 105 पूर्णमती माताजी का पावन चातुर्मास वर्ष 2026 देहरादून में संपन्न होगा। इस अवसर पर नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती एवं अभिनंदन के माध्यम से भव्य स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान चमन विहार, माजरा, अशोक पार्क, लालपुल, पटेल नगर, सहारनपुर रोड, महावीर चैक, आढ़त बाजार, रेलवे स्टेशन, लक्ष्मी प्लाजा एवं प्रिंस चैक सहित अनेक स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों ने स्वागत किया। इनमें जैन समाज की विभिन्न इकाइयों के साथ-साथ भारत विकास परिषद, भारतीय वैश्य महासंघ, उत्तरांचल प्रदेश अग्रवाल महासभा, इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, गुरुद्वारा सिंह सभा, महाकाल सेवा समिति, विश्व जैन संगठन तथा अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, पार्षद श्री पुंडीर एवं पार्षद वैभव अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
दिगम्बर जैन भवन पहुँचने पर महिलाओं द्वारा मंगलाचरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके उपरांत आर्यिकारत्न श्री 105 पूर्णमती माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, संयम एवं आत्मकल्याण का संदेश प्रदान किया। कार्यक्रम में देहरादून के अतिरिक्त ऋषिकेश, विकासनगर दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समूचा वातावरण धर्ममय एवं भक्तिमय बना रहा तथा सभी ने आगामी चातुर्मास के सफल आयोजन हेतु अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.