दिव्यांगजनों के लिए रोजगार के नए अवसर, 23 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

-रोजगार मेले में 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 16 का वर्क फ्रॉम होम के लिए चयन

देहरादून। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में देहरादून में एक दिवसीय दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सेवा योजन कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से इस मेले का आयोजन किया। मेले में प्रदेशभर से आए 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए साक्षात्कार दिए। इसमें 23 अभ्यर्थियों को कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम रोजगार के लिए चयन किया गया।
दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर उनकी दक्षता का आकलन किया और उपयुक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बताया कि वर्क फ्रॉम होम के लिए चयनित अभ्यर्थियों को घर से ही कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। रोजगार मेले में चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता, श्रवण बाधित, कम दृष्टि तथा बौद्धिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता दी गई। मेले में एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड सहित बीपीओ क्षेत्र की कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कार्यकुशलता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की। इस अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.