खेल विश्वविद्यालय के लिए 94 पदों का सृजन, संचालन का रास्ता साफः खेल मंत्री रेखा आर्या

देहरादून। हल्द्वानी के गौलापार में स्थापित किए जा रहे खेल विश्वविद्यालय के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद शासन ने विश्वविद्यालय के लिए 94 शैक्षणिक, शिक्षणेत्तर, कोचिंग और प्रशासनिक पदों के सृजन का शासनादेश जारी कर दिया है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। खेलकूद अनुभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार स्पोर्ट्स कोचिंग विंग में 39 पद सृजित किए गए हैं। इनमें प्रधान कोचध्मुख्य कोच, कोचध्प्रशिक्षक और सहायक कोचध्प्रशिक्षक के 13-13 पद शामिल हैं। अकादमिक एवं संकाय के 14 पदों में खेल प्रबंधन और खेल विज्ञान संकाय के प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं।
इसके अलावा खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी के लिए खेल चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, खेल मनोवैज्ञानिक, नर्स और वार्ड सहायक समेत 12 पद स्वीकृत किए गए हैं। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और वित्तीय संचालन के लिए कुलपति, कुलसचिव, उप कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी समेत विभिन्न पदों को मंजूरी दी गई है। गैर-शिक्षण और सपोर्ट स्टाफ के पद भी सृजित किए गए हैं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सावन में 2036 ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प के साथ निकाली गई ओलंपिक कांवड़ यात्रा के दौरान उन्होंने जो संकल्प लिया था, वह अब धरातल पर उतर रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से विश्वविद्यालय के संचालन की बाधा दूर हुई है। विश्वविद्यालय में खेल विज्ञान, खेल प्रबंधन और आधुनिक कोचिंग की सुविधाएं मिलने से प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। विश्वविद्यालय में मैदानों के रखरखाव और अन्य सेवाओं के लिए आउटसोर्स के माध्यम से 20 मैदान कर्मी, 10 एमईपी स्टाफ, 15 बहुकार्यकारी कर्मचारी और दो पोषण विशेषज्ञों की सेवाएं भी ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.