इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में 2024-26 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के भारतीय वन सेवा परिवीक्षार्थियों का दीक्षांत समारोह 1 अगस्त को 

– केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री  भूपेंद्र यादव होंगे मुख्य अतिथि

– 111 परिवीक्षार्थी अधिकारी, जिनमें 21 महिला एवं भूटान के दो विदेशी प्रशिक्षु शामिल, प्रशिक्षण पूर्ण कर होंगे पास-आउट

– उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परिवीक्षार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से किया जाएगा सम्मानित

देहरादून : इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2024-26 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के भारतीय वन सेवा परिवीक्षार्थियों का दीक्षांत समारोह 1 अगस्त को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), देहरादून के दीक्षांत-गृह में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री  भूपेंद्र यादव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह के दौरान अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2024 बैच के 111 परिवीक्षार्थी अधिकारी, जिनमें 21 महिला प्रशिक्षु अधिकारी तथा भूटान के दो विदेशी प्रशिक्षु शामिल हैं, अपना व्यावसायिक प्रशिक्षण पूर्ण कर पास-आउट होंगे। वर्तमान बैच से सर्वाधिक 11 अधिकारी मध्य प्रदेश तथा 5 अधिकारी उत्तराखण्ड को आवंटित किए जाएंगे।

इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी तथा इसकी पूर्ववर्ती संस्था इंडियन फॉरेस्ट कॉलेज वर्ष 1938 से देश की सेवा कर रही है। पिछले 88 वर्षों में स्वतंत्र भारत के सभी भारतीय वन सेवा अधिकारियों के साथ-साथ 14 मित्र देशों के 369 वन अधिकारियों ने भी इस प्रतिष्ठित संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परिवीक्षार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.