सीएम योगी आज कानपुर के दौरे पर, कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के इंतजाम की करेंगे समीक्षा

कानपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को शहर आएंगे और कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए किए जा रहे इंतजाम की समीक्षा करेंगे। गांवों में किस तरह कोरोना के संदिग्धों की जांच हो रही है, निगरानी समितियां कैसे काम कर रही हैं और वहां सैनिटाइजेशन की स्थिति क्या है यह देखने किसी एक गांव भी जाएंगे। केडीए के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जनप्रतिनिधियों और अफसरों संग बैठक भी करेंगे।

कानपुर आने से पहले मुख्यमंत्री योगी सैफई जाएंगे। मुख्यमंत्री के रूप में वह पहली बार सैफई जाएंगे। वह प्रात: 10 बजे लखनऊ से चलकर 11:10 बजे सैफई पहुंचेंगे। यहां उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में स्थापित कोविड अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ 11:15 बजे बैठक करेंगे। सैफई के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2.05 बजे हेलीकाप्टर से कानपुर पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस जाएंगे और फिर निरीक्षण व समीक्षा करेंगे।

सर्किट हाउस से वे 2.55 बजे नगर निगम कंट्रोल रूम पहुंचेंगे। वे शहर में तीन घंटे 35 मिनट तक रहेंगे। संक्रमितों को होम आइसोलेशन किट मिली या नहीं यह जानने को कंट्रोल रूम से मरीजों से फोन पर संवाद भी करेंगे। इसके बाद केडीए में इटावा छोड़ कानपुर मंडल के पांच जिलों के जिलाधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक करेंगे। शाम 5.40 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

अपर पुलिस आयुक्त संभाल रहे सुरक्षा की कमान

महानगर में कमिश्नरेट पुलिस प्रणाली लागू होने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार शहर आ रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा की कमान अपर पुलिस आयुक्त आकाश कुलहिर के हाथों में रहेगी। पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम की तैयारियों को देखने मुख्यमंत्री कानपुर आ रहे हैं। उनकी सुरक्षा का प्रभार अपर पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि को दिया गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 150 उपनिरीक्षक और 500 सिपाहियों के अलावा दो दर्जन से अधिक राजपत्रित अधिकारियों को तैनात किया गया है। दोपहर दो बजे कानपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री पुलिस लाइन स्थित कोविड अस्पताल जाएंगे, जहां वह चार आक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट करेंगे। इसके बाद वह इंट्रीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर पर महामारी पर अंकुश लगाने की तैयारियों का जायजा लेंगे।

मुख्यमंत्री का कानपुर में कार्यक्रम

2:05 बजे अपराह्न कानपुर पुलिस लाइन पहुंचेंगे और 2:10 बजे सर्किट हाउस जाएंगे।

2:40 बजे सर्किट हाउस से रवाना होंगे और 2:55 बजे नगर निगम पहुंचेंगे।

3:10 बजे नगर निगम कंट्रोल रूम से केडीए सभागार जाएंगे ।

3:15 बजे से 4:20 बजे तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

4:20 बजे से 10 मिनट तक पत्रकारों से बातचीत करेंगे।

4:50 बजे गांव का निरीक्षण करने के लिए निकलेंगे।

शाम 5:25 बजे संबंधित गांव से पुलिस लाइन आएंगे।

शाम 5:40 बजे पुलिस लाइन से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

  • मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गांवों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रोटोकॉल आ गया है। गांवों में सैनिटाइजेशन व अन्य कार्य पहले से ही चल रहे हैं। शुक्रवार को उन गांवों का निरीक्षण किया गया है जहां मुख्यमंत्री निरीक्षण कर सकते हैं।- आलोक तिवारी, डीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.