श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का प्रकटोत्सव सादगी और श्रद्धाभाव से मनाया गया

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन कर श्री महाराज जी को प्रकटोत्सव पर दी शुभकामनाएं
  • स्वास्थ्य मंत्री डाॅ धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्री महाराज जी से लिया आशीर्वाद और जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं
  • श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन, गद्दीनशीन श्री महाराज जी को शुभकामनाएं देने देश विदेश से उमड़े श्रद्धालु
  • संगतों ने श्री झण्डा साहिब पर टेका मत्था व श्री महाराज जी से लिया आशीर्वाद

देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून के सज्जादे गद्दी नशीन पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का 26वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के पावन वातावरण में अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री महाराज जी को फोन कर प्रकटोत्सव की बधाई एवम् शुभकामनाएं दीं। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्री महाराज जी से आशीर्वाद लिया व उन्हें जन्मदिवस (प्रकटोत्सव) की बधाई एवम् शुभकामनाएं दीं। देश विदेश सहित उत्तराखंड व पड़ोसी राज्यों से श्री दरबार साहिब पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से नतमस्तक होकर पूजनीय श्री महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया व उन्हें जन्मदिवस (प्रकटोत्सव) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस शुभ और मंगल अवसर पर श्री दरबार साहिब में विशेष पूजा अर्चना आयोजित की गई व श्रद्धालुओं के मध्य प्रेम, सेवा और समर्पण भाव से प्रसाद वितरण किया गया।


गौरतलब है कि आज ही के दिन 10 फरवरी 2000 को ब्रह्मलीन पूजनीय श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज ने पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को अपना शिष्य स्वीकार किया था तथा उन्होंने गुरु के सानिध्य में दीक्षा ली थी। यह दिन गुरु-शिष्य परंपरा की दिव्यता और आशीष का सजीव प्रतीक है। तभी से 10 फरवरी को श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव) के रूप में भक्ति भाव से मनाया जाता है।
25 जून 2000 को श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज, सज्जादानशीन के रूप में दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून (श्री दरबार साहिब) में गद्दी नशीन हुए थे, जिसने श्री दरबार साहिब की आध्यात्मिक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर श्री महाराज जी कहा कि सेवाधर्म ही सबसे बड़ा धर्म है। श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने करुणा और विनम्रता के भाव के साथ श्री गुरु राम राय जी महाराज का विशेष सिमरन करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा ही श्री गुरु महाराज जी ने सूक्ष्म उपस्थिति में प्रेरणा दी है। उन्होंने संगतों को गुरु महिमा से भी आत्मसात करवाया और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाला ही गुरु है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें दूनवासियों, राज्य व देश की जनता व श्रद्धालुओं से सदैव भरपूर स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के ब्लड बैंक, श्री महाकाल सेवा समिति एवम् एसजीआरआर पीजी काॅलेज के संयुक्त तत्वावधान में श्री दरबार साहिब परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया। सेवा और मानवता के इस पुनीत कार्य में शिविर में 65 यूनिट रक्तदान हुआ। शिविर को सफल बनाने में श्री महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष रोशन राणा एवम् उनकी टीम, ब्लड बैंक के कोओर्डिनेटर अमित चन्द्र, एसजीआरआर पीजी काॅलेज छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुंवर का विशेष, सराहनीय और निस्वार्थ सहयोग रहा।

श्री महाराज जी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि समाज को नई व सही दिशा देने के साथ साथ उत्तराखंड के सुदूर व पहाड़ी क्षेत्रों तक गुणवत्तापरक शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए एसजीआरआर मिशन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ प्रतिबद्ध है। इस मिशन के अन्तर्गत श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल उत्तराखण्ड व निकटवर्ती राज्यों के गांव-गांव तक मानवीय संवेदना के साथ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। वहीं दूसरी ओर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय समाज के हर वर्ग तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का निरंतर और सेवा भाव से प्रेरित कार्य कर रहा है। उन्होंने दोहराया कि समाज के पिछड़े व कमजोर वर्ग के लोगों को मुख्य धारा में शामिल करने के लिए एसजीआरआर मिशन सदैव प्रयासरत रहेगा।
इसके बाद उत्तर भारत में संचालित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं व स्टाफ सदस्यों, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देहरादून के डाॅक्टरों, स्टाफ सदस्यांे सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों, उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित देश-विदेश के कोने-कोने से पहुंचीं संगतों व श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब में श्री महाराज जी से आशीर्वाद लिया व उन्हें दीर्घायु होने की श्रद्धापूर्वक शुभकामनाएं दीं। पंजाब व हरियाणा से संगतें रविवार को ही श्री दरबार साहिब पहुंच गई थीं। बधाई देने का क्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ देर शाम तक जारी रहा। इस मौके पर श्रद्धालुओं के लिए मिष्ठान व लंगर की विशेष, सुव्यवस्थित और सेवा भाव से परिपूर्ण व्यवस्था की गई। देहरादून के कई प्रतिष्ठित व गणमान्य व्यक्तियों ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्री महाराज जी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.